
लॉकडाउन के समय में भी राजधानी दिल्ली में अपराध की घटनाएं बदस्तूर जारी है। ऐसे में शुक्रवार को सुबह दिल्ली के ब्रह्मपुरी इलाके में गोलीबारी की घटना हुई है, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई है और एक अन्य व्यक्ति घायल है। इस मामले में पुलिस ने एक हमलावर को पकड़ लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले को आपसी रंजिश बता रही है।
दिल्ली के ब्रह्मपुरी इलाके में राशिद नाम के लड़के को पांच गोलियां मारी गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हमलावरोंं ने राशिद के दोस्त हैदर पर भी गोलियां चलाईं। हैदर फिलहाल घायल है और उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गोलीबारी की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने भाग रहे हमलावरों में से एक को पकड़ लिया, जिसका नाम भारत शर्मा बताया जा रहा है। उसके फरार साथियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस स्पष्ट तौर पर तो इस घटना के पीछे के कारण को नहीं बता रही है लेकिन अंदेशा है कि ये आपसी रंजिश का मामला है। पुलिस का कहना है कि पकड़े गए हमलावर से पूछताछ में बाकि जानकारी सामने आएगी।
Comments
Post a Comment